बारामती विमान हादसा: अजित पवार मामले में जांच तेज, CBI जांच की उठी मांग
महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना प्रकरण को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग रखी है। वहीं, विधायक रोहित पवार ने घटना में साजिश की आशंका जताई थी।
इस बीच DGCA ने बताया कि दुर्घटना की जांच AAIB को सौंप दी गई है और पूरी प्रक्रिया 2017 के विमान दुर्घटना जांच नियमों तथा ICAO के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार की जा रही है। विभाग के मुताबिक विमान में लगे दोनों फ्लाइट रिकॉर्डर आग और अत्यधिक तापमान के संपर्क में आए थे। डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर से जानकारी सफलतापूर्वक निकाली जा चुकी है, जबकि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर की तकनीकी जांच जारी है। इसके लिए उपकरण बनाने वाले देश के विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है।
जांच एजेंसी ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया तकनीकी और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार निष्पक्ष तरीके से की जा रही है, इसलिए अंतिम रिपोर्ट आने तक किसी तरह की अटकलों से बचना चाहिए। दुर्घटना के अगले दिन ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया था, जिसमें दोनों रिकॉर्डर मौजूद थे।
यह हादसा 28 जनवरी की सुबह हुआ था, जब निजी कंपनी का विमान मुंबई से उड़ान भरने के लगभग 35 मिनट बाद बारामती में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में उपमुख्यमंत्री समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें सुरक्षा अधिकारी, एक अटेंडेंट, पायलट और सह-पायलट शामिल थे। बताया गया कि वे स्थानीय चुनावों से पहले अपने गृह क्षेत्र में सभाओं को संबोधित करने जा रहे थे।
tags : Maharashtra