loader
Breaking News
Foto

दमोह में बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम 2026 का भव्य शुभारंभ

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 10 जनवरी, शनिवार को बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल एवं फिल्म पर्यटन समागम 2026 का भव्य शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा किया गया। इस अवसर पर बुंदेलखंड क्षेत्र को फिल्म, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से नई पहचान दिलाने का संकल्प दोहराया गया।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के 7 जिले एवं उत्तर प्रदेश के 7 जिले मिलकर बुंदेलखंड क्षेत्र का निर्माण करते हैं। इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड को फिल्म पर्यटन का केंद्र बनाकर स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देना है।
इस फिल्म फेस्टिवल में बुंदेलखंड से जुड़े फिल्म जगत के स्थापित अभिनेता, कलाकारों के साथ-साथ सोशल मीडिया, लोककला एवं पारंपरिक कला विधाओं से जुड़े सैकड़ों कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं ने सहभागिता की। फेस्टिवल का आयोजन मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग एवं बुंदेलखंड फिल्म फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में फिल्म और टीवी जगत के कई प्रतिष्ठित कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें बहुचर्चित वेब सीरीज पंचायत में प्रधान जी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता रघुवीर यादव, गोविंद नामदेव, मुकेश तिवारी, बृजकिशोर तिवारी, इम्तियाज़ खान तथा प्रसिद्ध गायक एवं अभिनेता रीत मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन कलाकारों ने फेस्टिवल में उपस्थित उभरते कलाकारों, निर्देशकों और लेखकों से सीधे संवाद किया तथा उनके प्रश्नों और समस्याओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
वरिष्ठ कलाकारों के विशेष संवाद सत्रों का संचालन दिल्ली निवासी बुंदेलखंड के प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक एवं अभिनेता रीत मिश्रा द्वारा किया गया। संवाद सत्रों के साथ-साथ फेस्टिवल के दौरान स्थानीय फिल्मों का प्रदर्शन, प्रतिभा परिचय सत्र तथा नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम के समय बुंदेलखंड की विविध सांस्कृतिक विधाओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर रीत मिश्रा के गीतों ने विशेष रूप से दर्शकों का मन मोह लिया।
फेस्टिवल में छतरपुर से निर्देशक अखिल निगम, डॉ. स्वतंत्र शर्मा, श्री पुनीत कुमार तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी श्री राम कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
11 जनवरी को इस महोत्सव का विधिवत समापन किया गया। समापन अवसर पर यह घोषणा की गई कि आगामी वर्षों में बुंदेलखंड के किसी एक जिले में प्रतिवर्ष इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय फिल्म संस्कृति और पर्यटन को निरंतर बढ़ावा मिलता रहे।


 
foto
Author: Mukesh Kumar Kushwaha

Recent News

Top News Viewed

Categories

Upcoming # Events

Events

Conference, Shows & Meets