संभल के 15 थानों में मातृत्व-शिशु देखभाल कक्ष शुरू, महिला पुलिसकर्मियों को 15 होंडा एक्टिवा,*
संभल/महिला पुलिसकर्मियों के कल्याण और संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को एक बड़ी पहल की गई। जनपद के 15 पुलिस थानों में मातृत्व एवं शिशु देखभाल कक्षों का उद्घाटन किया गया, वहीं महिला पुलिसकर्मियों को 15 होंडा एक्टिवा स्कूटी प्रदान की गईं। कार्यक्रम अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश द्वारा डिजिटल माध्यम से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज गोबू, पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार बिश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अनुकृति शर्मा, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड तथा राउंड टेबल इंडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। टाटा एआईजी और राउंड टेबल इंडिया के प्रतिनिधि विशेष रूप से मुंबई और दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद डीआईजी मुनिराज गोबू ने बताया कि वर्ष 2025 में संभल पुलिस द्वारा उजागर की गई अंतर्राज्यीय, बहु-करोड़ संगठित बीमा धोखाधड़ी की गहन जांच के बाद बीमा कंपनियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत पुलिस कल्याण से जुड़ने में रुचि दिखाई। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क द्वारा बीमार और मृत व्यक्तियों का फर्जी बीमा कराकर बीमा दावा राशि का गबन किया गया था। जांच में फर्जी दुर्घटनाएं, लक्षित हत्याएं, आधार डाटाबेस में अवैध बदलाव और सरकारी बीमा योजनाओं में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इस मामले में 25 से अधिक एफआईआर दर्ज कर 70 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, जबकि 11.89 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की गई हैं। टाटा एआईजी के प्रतिनिधि देवांग पांड्या और राउंड टेबल इंडिया के पारस मेहरोत्रा ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक पुलिस थाने में स्थापित मातृत्व एवं शिशु देखभाल कक्षों में शिशुओं के लिए पलंग, पालना, खिलौने, शैक्षिक खेल, रंग-स्टेशनरी तथा माताओं के लिए अलग फीडिंग कक्ष की व्यवस्था की गई है। एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच इस तरह का सहयोग महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी मॉडल है। इसके बाद पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण द्वारा मातृत्व एवं शिशु देखभाल कक्षों का डिजिटल उद्घाटन किया गया। एडीजी कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने संभल पुलिस की पेशेवर और परिणाम आधारित जांच की सराहना करते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इस तरह की सुविधाएं उन्हें कार्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में मदद करेंगी। उन्होंने इस पहल को प्रदेश स्तर पर लागू किए जाने योग्य मॉडल बताया। कार्यक्रम के तहत आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल द्वारा 10 और इंडिया फर्स्ट द्वारा 5, कुल 15 होंडा एक्टिवा स्कूटी महिला पुलिसकर्मियों को दी गईं। यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति योजना के अनुरूप है।
थाना धनारी में बाल एवं मातृत्व कक्ष का उद्घाटन अधिकारियों द्वारा किया गया। इसी अवसर पर थाना समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और उनके त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अनुकृति शर्मा ने बताया कि संभल उत्तर प्रदेश का पहला जनपद बन गया है, जहां प्रत्येक पुलिस थाने में मातृत्व-शिशु देखभाल कक्ष और महिला पुलिसकर्मियों के लिए दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
tags : VipinYadav